वेद पुराण, धर्म, भारतीय संस्कृति की यशोगाथा- माताजी गीता किशोरीजी

श्रीमद् भागवत कथा स्थल का हुआ भूमिपूजन-27 जनवरी से प्रारंभ होगा 7 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान
उज्जैन। भरत, राम की अमर भूमि और कृष्ण की समर भूमि हमारे वेद पुराण, धर्म, भारतीय संस्कृति की यशोगाथा हैं, हिंदुस्तान विश्व का एकमात्र देश है यहां 24 करोड़ देवी देवताओं ने अपना वास बनाया है, उज्जैन की धरती बाबा की नगरी आदरणीय, अभिनंदनीय हैं।
उक्त उद्गार 27 जनवरी से श्री कार्तिकेय हरिहर सत्संग भवन क्षीरसागर द्वारा आयोजित होने वाले श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के कथा स्थल के भूमिपूजन एवं ध्वजारोहण समारोह में माताजी गीता किशोरीजी (लाली बहन) ने मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये। कथा के मुख्य यजमान सत्यनारायण जायसवाल एवं श्री कार्तिकेय हरिहर सत्संग के ट्रस्टी राम मनावत ने पत्रकारवार्ता में बताया कि सामाजिक न्याय परिसर में 27 जनवरी से 2 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है, कथा स्थल का भूमिपूजन समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। भूमिपूजन समारोह में अध्यक्षीय आसंदी से रामानुजकोट के पीठाधीश्वर स्वामी रंगनाथचार्य महाराज ने कहा कि भारत ऐसा भूभाग है जहाँ पर पथ पथ पर प्रयाग है। आज की युवा तरुणाई के मन मस्तिक में भारतीय इतिहास एवं संस्कृति का बीजारोपण हो इस हेतु धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन अभिनंदनीय है। विशिष्ट अतिथि दादूराम आश्रम के महामंडलेश्वर 1008 ज्ञानदास महाराज ने कहा कि सत्य हमारा अस्त्र, विश्वास हमारी पूंजी और ऋषि भक्तो का आशीर्वाद ही हमारी प्रेरणा है। रामकृष्ण नरसिंहानंद आश्रम के महामंडलेश्वर रामकृष्ण महाराज ने अपनी ओजस्वी वाणी में कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा हर भारतीय का कर्तव्य है। भागवत ज्ञान यज्ञ के मंच पर स्थिर मन गणेश के महंत राघवेंद्र दास, ज्योतिषाचार्य गिरीश गुरु, ज्योतिषाचार्य पंडित श्यामनारायण व्यास उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में विधायक पारस जैन, महापौर मीना जोनवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष करण कुमारिया, निगम सभापति सोनू गेहलोत, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, ग्रामीण अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, कर सलाहकार ओमप्रकाश अग्रवाल उपस्थित थे। संतश्री एवं अतिथियों का स्वागत मुख्य यजमान उमा सत्यनारायण जायसवाल, श्वेता विवेक जायसवाल, कार्यक्रम प्रभारी पं. कमलेश पंचोली, शिवपालसिंह भदौरिया ने किया। ज्ञान यज्ञ भूमिपूजन समारोह का संचालन स्वामी मुस्कुराके शैलेन्द्र व्यास ने किया। स्वागत उद्बोधन राम मनावत ने किया। आभार गिरीश जायसवाल ने माना। भूमिपूजन एवं ध्वजारोहण पंडित सुरेश पंड्या के आचार्यत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल हाड़ा, पूर्व सभापति प्रकाश चित्तोड़ा, कुतुब फातेमी, मनोज पारिख, नरेश भंडारी, धनंजय उपाध्याय, मनोज बघाया आदि उपस्थित थे।
शोभायात्रा से प्रारंभ होगी श्रीमद् भागवत कथा
महर्षि कार्तिकेय महाराज के अनुग्रह, माताश्री किशोरीजी की अनुकम्पा, स्वामी कृष्णानंद महाराज, हरिहर महाराज के आशीर्वाद तथा गीता किशोरीजी (लाली बहनजी) के सानिध्य में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम प्रभारी विवेक जायसवाल, पं. कमलेश पंचोली के अनुसार 27 जनवरी सोमवार से 2 फरवरी रविवार तक आगर रोड़ स्थित सामाजिक न्याय परिसर में होने जा रहे श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 27 जनवरी को दोपहर 1 बजे शोभायात्रा के साथ होगा जो श्री कार्तिकेय हरिहर सत्संग भवन क्षीरसागर से प्रारंभ होगी। नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई शोभायात्रा कथा स्थल सामाजिक न्याय परिसर पहुंचेगी। यहां प्रतिदिन बाल व्यास पं. श्रीकांत शर्मा दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक श्रोताओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के पहले दिन 27 जनवरी को श्रीमद् भागवत कथा महात्म्य, गोकर्ण उपाख्यान 24 अवतार-विराट वर्णन तथा श्री शुकदेव आगमन की कथा होगी। द्वितीय दिवस 28 जनवरी को ध्रुव चरित्र, जड़ भरत कथा, तृतीय दिवस 29 जनवरी को प्रहलाद चरित्र, वामन अवतार, चतुर्थ दिवस 30 जनवरी को श्रीराम अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, पंचम दिवस 31 जनवरी को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन उत्सव, 1 फरवरी को वैकुंठ दर्शन, कंस वध, रूक्मणी विवाह तथा 2 फरवरी को सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम होगा।