नई दिल्ली. देश में लॉकडाउन 4 मई से 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। यह 3 मई को खत्म हो रहा था। सरकार ने बताया कि 14 दिन तक रेड जोन में कोई राहत नहीं दी जाएगी। लेकिन, ऑरेंज और ग्रीन जोन में थोड़ी रियायत दी जाएगी। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हाईलेवल मीटिंग बुलाई थी। यह करीब ढाई घंटे चली। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ विपिन रावत, रेल मंत्री पीयूष गोयल समेत सेक्रेट्री लेवल के कई अन्य अफसर मौजूद रहे।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 35 हजार 89 हो गई है। शुक्रवार को आंध्रप्रदेश में 60, राजस्थान में 58, पश्चिम बंगाल में 37, बिहार में 25, कर्नाटक में 11, हरियाणा में 8, बिहार में 7 और ओडिशा में 5 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 35 हजार 43 संक्रमित हैं। इनमें से 25 हजार 7 का इलाज चल रहा है, 8888 ठीक हुए हैं और 1148 की मौत हुई।
मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को बताया गया कि 15 दिन में पीपीई किट जैसे उत्पादों की जांच करने वाली 9 लैब बनाई गई हैं। पहले कोयंबटूर में सिर्फ एक लैब थी।
21 लाख पीपीई किट प्राप्त हो चुकी हैं। 25 मार्च तक देश में हर दिन सिर्फ 3312 पीपीई किट का उत्पादन था, लेकिन अब हर दिन 1 लाख 86 हजार किट बनाई जा रही हैं।